किराया मांगने पर चालक-परिचालक को धुना
अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। किराया मांगने पर युवकों ने रोडवेज बस गांव के पास रोककर परिचालक की पिटाई कर दी। बचाने पहुंचे चालक को भी युवक पीटकर भाग गए। भागते समय बस के कई शीशे पत्थर मारकर तोड़ दिए। जिससे कई अन्य यात्री घायल होने से बच गए। कोतवाली में अज्ञात 25 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बांदा रोडवेज डिपो की बस को चालक भुजरण बांदा निवासी राजेंद्र कुमार पुत्र शिवमोहन ने बताया कि सोमवार की रात वह प्रयागराज से बांदा की ओर जा रहा था। बस में लगभग 40 यात्री सवार थे। जैसे ही वह खोेह के पास पहुंचा तो कुछ युवकों ने बस रूकवाई। कुछ दूर जाकर बस रूकी कुछ युवक चढे़ तो परिचालक ने किराया मांगा। जिस पर युवक भड़क गए और गाली गलौज कर पिटाई करने लगे। इसका चालक व कुछ अन्य यात्रियों ने विरोध किया तो दो दर्जन युवक और आ गए और सभी को पीटने लगे। कुछ लोगों ने पत्थर मार कर बस के शीशे तोड़ दिए। चालक किसी तरह बस को वहां से लेकर कोतवाली पहुंचा। जहां परिचालक की तहरीर पर अज्ञात 25 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।