डाकू बबुली के मददगार को दबोचा
अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। कुख्यात छह लाख रुपये के इनामी डाकू बबुली कोल गैंग को रसद सामग्री पहुंचाने जा रहे एक मददगार को पुलिस ने दबोच लिया है। पूछताछ में पता चला कि हाल ही में मारकुंडी थाना क्षेत्र में मनगवां गांव के पास पुलिस से मुठभेड़ के दौरान आरोपी गैंग के साथ था।
रविवार की सुबह मारकुंडी थानाध्यक्ष मोहम्मद अकरम ने टीम के साथ जंगल में डकैतों की तलाश में कांबिंग कर रहे थे। इसी बीच मुखबिर की सूचना पर सबरी जल प्रपात कुंड के जंगल से गैंग को दैनिक उपयोग की वस्तुएं व खाद्य सामग्री देने जाते हुए रामकरन उर्फ कलिया पुत्र जगन्नाथ निवासी मनगवां को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी गुरसराय जंगल में पुलिस एवं गैंग के मध्य मुठभेड़ में भी शामिल था।