चित्रकूट। शहर के शंकर बाजार से टप्पेबाजों ने दिनदहाड़े एक वृद्ध का नोटों से भरा बैग पार कर दिया। जानकारी होने पर परेशान वृद्ध व उसके बेटे ने कोतवाली में सूचना दी। कोतवाली पुलिस ने मौके पर जाकर आसपास के मार्ग पर लगे सीसीटीवी फुटेज से टप्पेबाजों को पहचाने की कोशिश की लेकिन अभीतक कुछ पता नहीं चला है।
शुक्रवार की दोपहर को पहाड़ी थानाक्षेत्र के पिपरोदर गांव निवासी कामता प्रसाद (65) ने बताया कि उसने बेटे के साथ मुख्यालय स्थित बैंक की शाखा से 50 हजार रुपये निकाले थे। इसके बाद वह शंकर बाजार में सड़क किनारे खडे़ थे। इसके बाद उनका बेटा कुछ खरीददारी करने चला गया और नोटों भरा बैग कामता प्रसाद के पास था। बताया कि इस बीच दो युवक आए और बातचीत करने लगे। अचानक उसका बैग लेकर भाग निकले। कोतवाली में पीड़ितों ने सूचना दी। एक दरोगा व एक सिपाही ने आकर आस पास की दुकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज से टप्पेबाजों को पहचानने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली।