चित्रकूट। खोही परिक्रमा मार्ग स्थित विद्युत उपकेंद्र के नोडल सीताराम पर उपभोक्ताओं ने गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि नोडल अधिकारी ने ट्रांसफार्मर लगाने से लेकर मीटर बदलवाने और अवैध कनेक्शन देने तक हर काम में वसूली की है। वर्षों से एक ही स्थान पर तैनात यह नोडल उपभोक्ताओं का शोषण कर रहा है। आक्रोशित लोगों ने तत्काल स्थानांतरण और जांच कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
आरोप है कि 22 सितंबर की रात नोडल ने एक मोबाइल कंपनी से रुपये लेकर जल संस्थान कर्वी के शासकीय ट्यूबवेल के ट्रांसफार्मर से तार जोड़कर टावर पर अवैध विद्युत सप्लाई कराई। ग्रामीणों का कहना है कि यह कार्य बिना उच्चाधिकारियों की अनुमति और जानकारी के कराया गया। उपभोक्ता खोही निवासी शिव शंकर पांडेय ने आरोप लगाया कि परिक्रमा मार्ग स्थित एक घर में लगे मीटर (सीरियल नंबर 62567729) में करीब 25 हजार यूनिट दर्ज थीं। नोडल ने इस मीटर को उखाड़ कर नया कनेक्शन देते हुए नया मीटर लगा दिया। इस मामले की शिकायत मुख्य अभियंता बांदा को भेजी गई है।
इसी तरह ग्राम पंचायत भगनपुर के उपभोक्ता कुंज बिहारी ने बताया कि उनका ट्रांसफार्मर जल जाने पर आठ अगस्त को ऑनलाइन आवेदन किया गया था। 19 अगस्त को पीआर नंबर जारी हुआ और तीन सितंबर को ट्रांसफार्मर राजापुर से भेजा गया। आरोप है कि नोडल और संविदा कर्मी ने ट्रांसफार्मर को उनके यहां लगाने के बजाए भरथौल गांव के एक निजी ट्यूबवेल धारक के यहां लगवा दिया। शिकायत के बाद 13 सितंबर को उनके यहां ट्रांसफार्मर लगाया गया। इसके अलावा ग्राम पंचायत बालापुरमाफी में भी एक निजी ट्यूबवेल धारक से रुपये लेकर ट्रांसफार्मर बदलवाने का आरोप नोडल पर लगा है। ग्रामीणों ने नोडल की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि शीघ्र कार्रवाई और स्थानांतरण नहीं हुआ तो वे धरना-प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे।
इस मामले में एसई आरके यादव ने बताया कि इन मामलों की जानकारी मिली है।संबधित अधिकारी से पूछताछ की जा रही है। मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।