मानिकपुर/ बरगढ़ (चित्रकूट)। कोरोना वायरस के संक्रमण को लेकर चल रहे लॉकडाउन के दौरान जगह-जगह व्यापारी, समाजसेवी व राजनैतिक दल के नेता जरूरतमंदों को राशन पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। खाने को निवाला मिलने पर जरूरतमंद दिल से दुआएं दे रहे हैं।
मानिकपुर के समाजसेवियों के एक समूूह ने लगातार दसवें दिन विभिन्न वार्ड में रहने वाले जरूरतमंदों के घर जाकर भोजन बांटा। राजीव द्विवेदी, विनय द्विवेदी, कुलदीप, रमेश तिवारी, सचिन पांडेय, आशीष द्विवेदी, सूरज तोमर आदि ने बताया कि लॉकडाउन तक यह मदद का काम हमारी रसोई के माध्यम से जारी रहेगा। भाजपा के जिला मंत्री प्रेमलाल बाल्मीकि ने बताया कि मानिकपुर क्षेत्र के ददरी माफी की बस्ती में जाकर सहयोगियों के साथ एक सैकड़ा लोगों को भोजन उपलब्ध कराया।
कांग्रेस नेता रंजना पांडेय ने बरगढ़ क्षेत्र के कोलमजरा पुरवा, आदिवासी बस्ती में राशन वितरण किया। राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन के तत्वावधान में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री शानू गुप्ता ने शहर में तैनात पुलिस कर्मियों को एनर्जी जूस वितरित किया है। इस मौके पर शेषू जायसवाल आदि मौजूद रहे। शहर के ट्रैफिक चौराहे के पास व्यापारी नेता विष्णु गुप्ता की अगुवाई में लगातार गरीबों को जरूरी वस्तुएं, राशन व ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों को चाय, बिस्किट, नमकीन आदि वितरित किया जा रहा है। उन्होंने लालापुर असावर माता मंदिर पहुंचकर बंदरों, जानवरों को चना, केला खिलाया है।
गल्ला व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल व महामंत्री गुलाब गुप्ता ने परिक्रमा मार्ग से लेकर गल्ला मंडी परिसर में बंदर व मवेशियों को भोजन कराया। व्यापार मंडल के युवा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष राहुल गुप्ता के नेतृत्व में व्यापारियों ने नई बाजार में सामुदायिक रसोई के माध्यम से जरूरतमंदों को भोजन पहुंचाया। समाजसेवी जयशंकर मिश्रा शंकर ढाबा ने भी गरीबों की बस्ती जाकर भोजन बांटा। इस मौके पर नरेंद्र मिश्रा, शैलेंद्र केसरवानी, महेश केसरवानी, बबलू पटेल, विमल गुप्ता, शनि धतुरहा, आशीष वर्मा, गोपी सिंह, योगेश सिंह, शंभू जाटव आदि मौजूद रहे।