राजापुर। कस्बे के तुलसी चौक में सोमवार रात करीब 11 बजे एक तेज रफ्तार कंटेनर अनियंत्रित होकर यश गारमेंट एंड साड़ी सेंटर की दुकान में जा घुसा। इस हादसे में दुकान का चैनल, शटर और लाखों रुपये का सामान क्षतिग्रस्त हो गया। कंटेनर चालक भी घायल हुआ।
दुकान संचालक यश अग्रवाल ने बताया कि वह रात करीब नौ बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। करीब 11 बजे आसपास के लोगों से दुकान में वाहन घुसने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर दुकान का शटर, चैनल और लाखों रुपये का सामान क्षतिग्रस्त मिला। उन्होंने लाखों रुपये के नुकसान की तहरीर राजापुर थाने में दी है।
कौशांबी जिले के पूरे नंदापुर निवासी कंटेनर चालक अनुज यादव उर्फ सोनू ने बताया कि वह रायबरेली से सीमेंट उतारकर सतना जा रहा था। पेट्रोल पंप के पास स्टीयरिंग ने अचानक काम करना बंद कर दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चालक केबिन में फंस गया।
उसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। चालक अनुज यादव के हाथ, पैर और सिर में गंभीर चोटें आई हैं। उसका इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार प्रजापति ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कंटेनर का स्टीयरिंग फेल होना सामने आया है।
दिन में होता तो गंभीर हो सकता था हादसा
क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि तुलसी चौक पर दिनभर काफी भीड़ रहती है। यह हादसा रात में होने के कारण जनहानि टल गई। यदि यह घटना दिन के समय होती तो गंभीर परिणाम हो सकते थे। हादसे की सूचना पर मौके पर बड़ी संख्या में भीड़ जमा हो गई थी।