चित्रकूट। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो हलवाई गंभीर रूप से घायल हो गए। इसमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। दूसरे का इलाज चल रहा है। जालौन जिले के आटा थाना क्षेत्र के गढ़ा निवासी गोधन ने बताया कि उसका भाई पूरनलाल (43) उरई के गांधीनगर में किराये के मकान में रहकर हलवाई का काम करते थे। भाई बाइक से गांधीनगर निवासी दोस्त रवीना अंसारी के साथ बुधवार को उरई से चित्रकूट के लिए निकले थे। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर भरतकूप के पास किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी।
राहगीरों ने सीएचसी पहुंचाया, जेब में मिले मोबाइल से शिनाख्त के बाद देर शाम शिवरामपुर सीएचसी के डॉक्टर ने फोन कर सूचना दी कि उसके भाई की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है और एक व्यक्ति घायल है। उसको प्रयागराज रेफर कर दिया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही पत्नी ममता, पुत्र रितेश व अन्य परिजनों का हाल बेहाल हो गया। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर गांव चले गए। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे पर घटना हुई है। जिस वाहन ने टक्कर मारी है उसका पता किया जा रहा है। अज्ञात वाहन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।