संवाद न्यूज एजेंसी
संपूर्ण समाधान दिवस में पानी-बिजली और जमीन के विवाद सबसे ज्यादा रहे
चित्रकूट। संपूर्ण समाधान दिवस पर शनिवार को जिले की सभी तहसीलों में फरियादियों ने पानी, बिजली और जमीनी विवाद की शिकायतें रखीं। कई ने कहा कि बार-बार पत्र देने के बाद भी सुनवाई नहीं हो रही है। अधिकारियों ने समय से निस्तारण के निर्देश दिए।
कर्वी तहसील में न्यायिक मजिस्ट्रेट अर्चना ने शिकायतें सुनीं। मऊ में एसडीएम राम ऋषि रमन, राजापुर में एसडीएम पूजा साहू और मानिकपुर तहसील में भी फरियाद सुनी गई। सीतापुर किला बाग निवासी रमेश कुमार ने बताया कि घर में जल संस्थान की पाइपलाइन से कनेक्शन के लिए दो साल से चक्कर काट रहे हैं। गलत जानकारी देकर परेशान किया जा रहा है।
वहीं, मनोहरगंज निवासी कोदू राम ने कहा कि उनका बिजली मीटर एक किलोवाट का था, जिसे बिना बताए दो किलोवाट कर दिया गया। इससे बिल ज्यादा आ रहा है। इसी तरह पंडित दीनदयाल नगर के विकास कुशवाहा, नीरज और रवि ने बताया कि बारिश से मोहल्ले की सड़क खराब हो गई है, जलभराव रहता है। स्कूली बच्चों को आने-जाने में दिक्कत होती है।