फोटो- 10- ठंड से बचने को सिर से पैर तक कपड़ों से ढककर सफर के लिए निकला परिवार- स्टेशन पर ट्रेन का कर रह?
- फोटो : CHITRAKUTT
चित्रकूट। बर्फीली हवाओं के चलते जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। रविवार को तापमान तीन डिग्री सेल्सियस होने से लोग घरों में कैद हो गए। शाम ढलते ही बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा दिखाई दिया। ठंड से राहत पाने के लिए लोग घरों में अलाव के पास बैठे रहे। मौसम विभाग के अनुसार जिले में 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही है जिससे सर्दी बढ़ी है। ट्रेन व बस से सफर करने वाले यात्री ठंड से बेहाल हैं।
जनपद में बर्फीली हवाओं का सितम जारी है। हाड़ कंपाने वाली ठंड से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। शनिवार की देर शाम से ही घने कोहरे की चादर से ढक गया। सर्द हवाएं चलने से पारा लगातार लुढ़क रहा और रात के समय लगभग तीन डिग्री तक तापमान पहुंचा। रविवार को दोपहर को धूप निकली लेकिन शाम को फिर ठिठुरन और गलन बढ़ा दिया। लोग घरों के अंदर रजाई में दुबके रहे। आवश्यक कार्य के लिए गर्म कपड़ों का सहारा लेकर निकले। अस्पतालों में ठंड की चपेट में आए लोगों की तादाद बढ़ी है।
किसान समेत दो की मौत
मऊ (चित्रकूट)। भीषण ठंड में खेत की सिंचाई करते समय किसान की हालत बिगड़ने पर परिजन सीएचसी ले गए। जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना से परिजनों में शोक छा गया। मृतक के पुत्र तीरथ ने बताया कि पिता की ठंड से मौत हुई है। मऊ थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बियावल के मजरा बसरेही गांव निवासी चौबेलाल केवट (48) पुत्र बुधई 36 घंटे पूर्व खेत में सिंचाई कर रहा था। घर लौटा तो अचानक हालत बिगड़ गई। जानकारी होने पर पुत्र तीरथ उपचार के लिए शनिवार को देर शाम सीएचसी ले गया। जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के एक पुत्र, चार पुत्री है। पत्नी आशा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। इसके अलावा पहाड़ी थाना क्षेत्र के मझियार गांव निवासी राममूरत पुत्र रामशरण की रविवार की सुबह अचानक सीने में दर्द के बाद तबीयत बिगड़ी। उसे लेकर परिजन जिला अस्पताल पहुंचे लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार उनकी मौत ठंड लगने से हुई है लेकिन इसकी किसी को सूचना नहीं दी है। मृतक दस दिन पूर्व सड़क दुर्घटना में घायल हो गया था जिसका इलाज चल रहा था। माना जा रहा है कि उसी दौरान सीने में लगी चोट से उसकी मौत हुई है।