फोटो 09सीकेटीपी 36 सिविल लाइंस क्षेत्र मेंं झांसी-मिर्जापुर मार्ग पर जलभराव के बीच निकलते लोग।
चित्रकूट। मानसून की शुरुआत के साथ ही शहर की सड़कों पर जलभराव की समस्या गंभीर हो गई है। अधूरी तैयारियों और जर्जर सड़कों के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग, स्टेशन रोड और मिशन रोड सहित कई प्रमुख मार्ग बारिश के पानी से लबालब हो गए हैं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों को जलभराव के साथ सड़कों पर बने गड्ढों से भी जूझना पड़ रहा है।
शहर के धनुष चौराहे के पास राष्ट्रीय राजमार्ग की हालत खराब है। पिछले महीने गड्ढों को भरने का काम किया गया था लेकिन बारिश होते ही गिट्टी उखड़ गई और फिर से जलभराव की स्थिति बन गई। स्थानीय निवासी शिवम दुबे और महेश कुमार ने सड़क का स्थायी निर्माण कराने की मांग की है।
स्टेशन रोड पर भी कई जगह गड्ढे हैं जिनमें बारिश का पानी भर जाता है। सुशील कक्का और रमेश सोनी ने सड़क निर्माण के साथ नालियों की बेहतर व्यवस्था कराने की मांग की है।
मिशन रोड भी जर्जर हालत में है। इसी मार्ग पर सड़क की खुदाई कर पाइपलाइन बिछाने का काम किया गया है। विनय कुमार और राजेश सिंह का कहना है कि अधिक बारिश होने पर इस रास्ते से निकलना मुश्किल हो जाता है। उन्होंने सड़क निर्माण और जल निकासी की बेहतर व्यवस्था कराने की मांग की है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जितेंद्र सिंह ने बताया कि स्टेशन रोड के निर्माण के लिए सर्वे पूरा हो चुका है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी लालजी यादव ने बताया कि मिशन रोड पर एलआईसी तिराहे के पास जलभराव की समस्या है। इसके समाधान के लिए योजना तैयार की जा रही है। नागरिकों ने आश्वासन के बजाय समस्या के स्थायी समाधान के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।