सोनिया, राहुल से शिकायत नहीं, प्रदेश अध्यक्ष ने कटवाया टिकटः संपत
टिकट न मिलने से खफा संपत ने शनिवार को कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया। फोन पर बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रदेश कार्यालय में इस्तीफा भेज दिया है। किंतु सोनिया और साहुल गांधी से मिलकर अपनी बात रखेंगी। सोनिया, राहुल व प्रियंका गांधी से कोई शिकायत नहीं है। प्रदेश अध्यक्ष और पर्यवेक्षक ने उनका टिकट कटवाया है। इसका संदेश देने और पार्टी को कुछ चाटुकारों से बचाने के लिए इस्तीफा देने का कदम उठाना पड़ा है। गुलाबी गैंग कमांडर ने कहा कि अभी किसी दल में शामिल नहीं होंगी।
महिलाओं को संगठित कर बनाया संगठन
बांदा जिले के बदौसा गांव की संपत देवी पाल ने ग्रामीण महिलाओं को संगठित करके गुलाबी गैंग नाम से एक मजबूत संगठन खड़ा किया। गुलाबी साड़ी वाले इस संगठन की बुंदेलखंड में मजबूत धाक मानी जाती है। महिलाओं को उनके अधिकार दिलाने के लिए संगठन ने कई संघर्ष किए। कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुकीं संपत पाल को कानून हाथ में लेने के आरोप में 2010 में मायावती के शासनकाल में गिरफ्तार कर लिया गया था।
संपत पर बन चुकी है फिल्म
संपत पाल के संघर्ष पर बॉलीवुड में फिल्म भी बनी है। गुलाबी गैंग नाम की इस फिल्म में संपत पाल की भूमिका माधुरी दीक्षित ने अदा की है। संपत ने भी जाको राखे साइयां फिल्म में छोटी सी भूमिका अदा की है। टीवी शो बिग बॉस में भी वह भाग ले चुकी हैं।