चित्रकूट। सदर ब्लाक क्षेत्र के रानीपुर खाकी गांव में ग्राम प्रधान का देवर विकास कार्यों में अड़ंगा डाल रहा है। प्रधान की शिकायत पर पुलिस उसे पकड़ भी ले गई लेकिन उसकी हरकतें बंद नहीं हो रही। प्रधान ने पुलिस अधीक्षक को लिखे पत्र में इस संबंध में उचित कार्रवाई कराने की मांग की है ताकि विकास कार्य समय से पूरा हो सके।
ग्राम पंचायत रानीपुर खाकी की प्रधान सीता देवी पत्नी देवेंद्र कुमार (शिक्षक) ने कोतवाली पुलिस को दिए पत्र में बताया कि मजरा बरमपुर में मनरेगा से कार्य चल रहा है। देवर ने एतराज कर काम बंद करा दिया। कार्य में लगे मजदूरों से अभद्रता की गई। प्रधान ने बताया कि देवर को मना करने पर मानता नहीं है और अपने साथी को बुलाकर हरकत करने लगा। डायल 112 पुलिस को सूचना देने पर दोनो को पकड़ ले गई।
पीड़ित प्रधान ने बताया कि हिरासत से छूट कर आया और अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगा। पति को जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने सौंपी गई तहरीर में कहा कि पति शिक्षक हैं। विद्यालय आवागमन करते हैं। इस दौरान कभी भी अप्रिय घटना कर सकते हैं। सौंपी गई तहरीर में मांग की है कि सुरक्षा दिलाते हुए कानूनी कार्यवाही कराई जाए।