फोटो- 11-ट्रेन से गिरने पर मृत छात्रा के परिजनों को ढांढस देते स्थानीय लोग
- फोटो : CHITRAKUTT
चित्रकूट/भरतकूप। अतर्रा पोस्टग्रेजुएट कॉलेज पढ़ाई करने को जिला मुख्यालय से जाने वाले एक सैकड़ा से अधिक छात्र छात्राओं की मंगलवार को संख्या न के बराबर रही। छात्र-छात्राएं पढ़ने गए और ट्रेन से लौटे उनके चेहरे पर सोमवार को रेल पटरी पर दो छात्राओं की मौत का मंजर दिख रहा था। जीआरपी के जवानों ने चलती ट्रेन पर इस रूट की आने जाने वाली ट्रेनों पर बोगी के गेट के पास खड़े होने वालों को हटाया और छात्रों को जागरूक किया कि वह ऐसा न करें। मंगलवार को गमगीन माहौल में दोनों मृत छात्राओं का परिजनोें ने अंतिम संस्कार किया।
गौरतलब है कि सोमवार को बीएलएड की पढ़ाई करने के बाद मुख्यालय के शंकर बाजार निवासी श्वेता त्रिपाठी व पुरानी बाजार निवासी रमशा खान उर्फ शब्बो भरतकूप- शिवरामपुर रेलवे स्टेशन के बीच अचानक ट्रेन की बोगी हिलने के बाद असंतुलित होकर रेल पटरी पर गिर गई थीं। दोनों की मौत के बाद परिजनों व छात्रों में गम का माहौल है। सहपाठियों ने बताया कि दोनों आपस में अच्छी सहेली थीं। दोनों पढ़ने में भी बेहद होशियार थीं। वह जब भी पढा़ई के लिए अतर्रा जाती तो दोनों एक दूसरे के बिना नहीं जाती थीं। उन्हें यह कतई अहसास नहीं था कि इनकी दोस्ती इतनी सच्ची होगी कि देानों एक साथ एक ही स्थान से हमेशा के लिए सबकों रूलाकर चली जाएंगी। देानों मृत छात्राओं के परिजनों को सैकड़ों लोगों ने उनके घर पहुंचकर ढांढ़स बंधाया।
बता दें कि भरतकूप व शिवरामपुर रेल ट्रैक पर कुछ मोड़ है। इससे इस रूट पर जब तेज रफ्तार वाली ट्रेेनें गुजरतीं हैं, तो मोड़ के कारण ट्रेन हिलती है और सभी बोगियों में इसका झटका भी लगता है। जीआरपी प्रभारी पीएल प्रजापति ने बताया कि मृत छात्राओं के परिजनों की नियमानुसार पूरी मदद की जाएगी। अन्य छात्रों को जागरूक रहने को कहा गया है।