फोटो-3- डाकू प्रहलाद की मौत के बाद पोस्टमार्टम हाउस के पास बैठी मृतक की मां व भाई
- फोटो : CHITRAKUTT
चित्रकूट। पिछले साल मारे गए कुख्यात डकैत बबुली कोल के सहयोगी व गैंग के अस्थायी सदस्य जीजा प्रहलाद कोल (45) की मंगलवार रात जेल में तबीयत खराब होने के बाद जिला अस्पताल में मौत हो गई। जेलर ने हार्टअटैक से मौत का अंदेशा जताया है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद मौत की सही वजह पता चल सकेगी।
डाकू बबुली कोल का जीजा प्रहलाद कोल (45) पुत्र स्व. मुन्नीलाल निही चरैया बरहा पुरवा थाना मारकुंडी का रहने वाला था। वह जिला जेल रगौली में बंद था। मंगलवार की रात अचानक तबियत बिगड़ने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। प्रहलाद को 21 दिसंबर 2019 को मारकुंडी गांव के बाहर से गिरफ्तार कर 23 दिसंबर को रगौली जेल मेें बंद कर दिया गया था। उसपर हत्या, डकैती के तीन गंभीर मुकदमे दर्ज थे। वह गैंग का अस्थायी सदस्य था। बाहर रहकर गैंग की मदद करता था। गिरफ्तारी से पहले करीब डेढ़ साल वह फरार रहा था। भाई रविकुमार और मां बड़की ने बताया कि भाई प्रहलाद का विवाह डाकू बबुली कोल के दादा की बेटी के साथ हुआ था। बबुली के मौत के बाद वह हैदराबाद भाग गया था। वहां से आने के बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। पुलिस ने सूचना दी थी कि प्रहलाद जिला अस्पताल में भर्ती है। प्रहलाद के पिता मुन्नीलाल व पत्नी केता की मौत हो चुकी है। एक पुत्र लक्ष्मन है।