दीपदान मेले में बुधवार से ही श्रद्घालुओं की भीड़ मंदाकिनी नदी किनारे रामघाट पर जुटने लगी।
- फोटो : CHITRAKUTT
खोही (चित्रकूट)। पांच दिवसीय दीपदान मेला की शुरूआत होने पहले ही श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया। धर्मनगरी में चहलपहल शुरू हो गई। वहीं, यूपी और एमपी क्षेत्र के प्रशासनिक अधिकारी मेले की तैयारी में जुुट गए हैं। गुरुवार से जिले में मेले की औपचारिक रूप से शुरूआत होगी।
मेले की व्यवस्था के लिए भी यूपी और एमपी प्रशासन तैयारी शुरू की। यातायात व्यवस्था के लिए 18 पार्किंग स्थान चिह्नित किए गए हैं। वहीं, रोडवेज बसों के संचालन के लिए शिवरामपुर में चेक पोस्ट बनाया जा रहा है।
चेक पोस्ट प्रभारी रज्जन प्रसाद के अलावा नौ कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई। कंट्रोल रूम सीतापुर में बनाया गया है। रोडवेज के यातायात प्रभारी रमेश कुमार होंगे। जिलाधिकारी शेषमणि पांडेय व पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल मेला की व्यवस्था को लेकर कई बार बैठक कर चुके हैं। सतना डीएम अजय कटसेरिया और एसपी धर्मवीर सिंह ने मेले क्षेत्र का निरीक्षण किया। खासकर कोविड 19 को ध्यान में रखकर यह प्रयास किया जा रहा है कि एक स्थान पर ज्यादा देर के लिए भीड़ एकत्र न होने पाए। दिल्ली से आए ऋषि मिश्रा, आकाश तिवारी, संजय सोनी, नामदेव घोरपडे, विवेक सिंह, अंशू गुप्ता व संदीप ठाकुर की टीम मेला क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं को सैनिटाइज व मास्क वितरण के साथ ही उन्हें कोविड से बचाव के तरीके भी समझा रही है।