चित्रकूट। शहर के लक्ष्मणपुरी मोहल्ले में तमाम लोगों के घरों में बुधवार को हुई तेज बारिश के बाद गंदा पानी भर गया। किसी तरह इन घरों के लोगों ने पानी बाहर निकाला। इन लोगों का कहना हैे कि नाले के पानी के साथ कई जीवजंतु भी घरों में आ गए। इससे वह लोग भयभीत हैं। साथ ही बीमारी फैलने की आशंका बनी है।
मुख्यालय स्थित लक्ष्मणपुरी के ननकूराम पाल, मोहनलाल पटेल, अमर सिंह, आरके वर्मा, नर्बदा प्रसाद, रिंकू कुमार गुप्ता समेत मोहल्ले के तमाम ने डीएम व ईओ को पत्र सौंपते हुए बताया कि उनके घरों के सामने से नाला निकला है। सफाई न होने के चलते मामूली बारिश में नाला उफना जाता है। बताया कि बुधवार को हुई बारिश से नाले का गंदा पानी घरों में भर गया था। नाले में मोहल्ले के लोगों के घरों के गंदे पानी का निकासी होती है। इसके पूर्व भी नाले की सफाई के लिए उन लोगों ने संबंधित अधिकारी को पत्र सौंपा, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। मोहल्ले के लोगों ने नाले की सफाई कराकर समस्या से निजात दिलाए जाने की मांग डीएम व ईओ से की है।