चित्रकूट। शहर के पहाड़ी राजापुर मार्ग पर गल्ला मंडी के पास खड़े ट्रक में सामने से आ रहा ट्रक भिड़ गया। दोनों ट्रक का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद वहां जाम लग गया। मौके पर यातायात पुलिस की टीम ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवा कर जाम खुलवाया। हादसे में घायल खड़े ट्रक के चालक व खलासी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बृहस्पतिवार को तड़के को सीमेंट लादकर मुख्यालय से राजापुर की तरफ जा रहे ट्रक ने गल्ला मंडी के पास सड़क किनारे खडे़ ट्रक में टक्कर मार दी। खड़े ट्रक का टायर पंचर हो गया था। कौशांबी जिले के बैरागीपुर निवासी ट्रक चालक पवन व खलासी संदीप टायर बदल रहे थे। हादसे के बाद क्षतिग्रस्त ट्रक की वजह से सड़क पर दो घंटे से अधिक समय तक जाम लगा रहा। मौके पर पहुंचे टीएसआई योगेश कुमार ने क्रेन बुलवाकर ट्रकों को सड़क से हटाया। तब जाकर जाम खुला।