मऊ(चित्रकूट)। थाना के बंबुरी गांव के पंचायत भवन को कब्जा मुक्त कराने पहुंचे ग्राम प्रधान पर कब्जेदार ने धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। ब्लॉक व राजस्व विभाग की टीम की मौजूदगी पर हुए हमले से अफरा तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर दुबक गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, तो आरोपी भाग निकला। बीडीओ ने पुलिस की मदद से पंचायत भवन को खाली करा लिया। प्रधान ने आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मऊ क्षेत्र के बंबुरी गांव स्थित पंचायत भवन में एक असरदार व्यक्ति ने कब्जा कर लिया था।
मऊ विकास खंड अधिकारी राकेश चंद्र शुक्ला टीम के साथ गुरुवार को बंबुरी गांव पहुंचे। उन्होंने कब्जेदार व उसके परिजनों के विरोध के बाद भवन से कब्जा हटवा दिया। जैसे ही बीडीओ व उनकी टीम मौके से लौटने लगी, तभी कब्जेदार ने मौके पर मौजूद ग्राम प्रधान बृह्मप्रकाश पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इससे प्रधान जमीन पर गिर पड़े और वहां अफरा तफरी मच गई। पुलिस के पहुंचने पर आरोपी भाग गया।
मामले में प्रधान ने थाने में दी तहरीर में आरोप लगाया कि 18 जून को गांव के पंचायत भवन को खाली कराते समय कब्जा करने वाले शख्स ने उसके साथ हाथापाई की। जान से मारने की नीयत से कुल्हाड़ी से हमला किया। हमले में उसके शरीर पर कई स्थानों पर चोट लगी है। आरोपी कभी भी उसकी हत्या कर सकता है। थानाध्यक्ष मऊ सुभाष चौरसिया ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।