मानिकपुर/सरैंया/चित्रकूट। जिले में बनाए गए हॉटस्पॉट क्षेत्रों में सरैया समेत छह हॉटस्पॉट क्षेत्रों से बंदिशें हटा ली गई। इससे उन क्षेत्रों में चहल पहल शुरू हो गई। सरैया कस्बे में दुकानें भी मंगलवार को पूरी तरह से खुल गई। वहां ग्रामीणों ने खरीददारी की। अब 16 हॉटस्पॉट क्षेत्र बचे है, जहां पर बंदिशें लगी हैं।
कोरोना संक्रमण की वजह से शहर से कस्बे व गांवों के मजरे हॉटस्पॉट क्षेत्र घोषित है। इस समय जिले के बरद्वारा, गढ़ीघाट, नेउरा, पथरौंड़ी, अर्जुनपुर, खजुरिहाखुर्द, रूरल सरहट मानिकपुर, भंभई, रामकोल,अमानपुर, छेरियाखुर्द, शहर के रामपुरी व बल्दागंज समेत 16 हॉटस्पॉट मोहल्ले हैं। इन क्षेत्रों में आने-जाने पर प्रतिबंध लगा है। इससे लोग परेशान हैं। छेरिहाखुर्द के राकेश सिंह, अनुज लाल ने बताया कि जब से बंदिशें लगी है उन्हें समझ नहीं आ रहा कि वह करें क्या। घर के अंदर रहने को मजबूर हैं। वहीं हॉटस्पॉट छह क्षेत्रों से बंदिशें हटा ली गई है। इससे लोगों ने राहत महसूस की है।