फोटो- 5- सड़क दुर्घटना में मृत युवक की घटना की जानकारी देते मृतक के परिजन
- फोटो : CHITRAKUTT
मऊ (चित्रकूट)। महोबा से गिट्टी लाद कर प्रयागराज जा रहा डंपर राष्ट्रीय राजमार्ग के मऊ कस्बे के पास खड़े ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि डंपर के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में डंपर के खलासी की मौत हो गई। चालक घायल हुआ है। खलासी के परिजनों ने डंपर चालक पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए मऊ थाने में तहरीर दी है।
हमीरपुर जिले के बिवार थानाक्षेत्र के डीहर गांव निवासी रामप्रताप का बेटा अंबरीश (32) डंपर चलाता था। वह कबरई निवासी खलासी रामचरण (28) के साथ डंपर पर गिट्टी लादकर कबरई से प्रयागराज जा रहा था। मऊ कस्बे के प्रयागराज रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास मंगलवार को तड़के डंपर चलाते समय अंबरीश को झपकी आ गई। इससे डंपर अनियंत्रित होकर सड़क पर खड़े ट्रक से टकरा गया।
वाहनों के टकराने की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी नींद से जागे और पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। डंपर के केबिन में फंसे चालक व परिचालक को पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से किसी तरह बाहर निकाला गया। इसके बाद दोनों को सीएचसी ले जाया गया। वहां डॉक्टर ने खलासी रामचरण पुत्र रामप्रताप को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ट्रक व डंपर को कब्जे मे लिया है। साथ ही हादसे की जानकारी खलासी व चालक के परिजनों को दी। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों में चालक अंबरीश पर लापरवाही का आरोप लगाया है। रामचरण की मौत से दुखी पत्नी उर्मिला, मां रामदुलारी व परिवार के अन्य लोगों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। थाना प्रभारी के मुताबिक मामले की जांच कर चालक पर कार्रवाई की जाएगी।