पहाड़ी (चित्रकूट)। थाना क्षेत्र के चौरा ग्राम पंचायत के बेलखरी मजरे में शुक्रवार को जमीन नापजोख करने पहुंची राजस्व विभाग की टीम को ग्रामीणों ने खदेड़ दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर ग्रामीणों को शांत कराया। ग्रामीणों का कहना है कि जिस जमीन की टीम नापजोख करने पहुंची थी वह गांव के ही दो लोगों की है। जबकि, लेखपाल जमीन तालाब की बता रहे थे।
लेखपाल टीम के साथ गांव में एक जमीन की नापजोख करने पहुंचे। इस दौरान गांव के ही दो लोगों ने जमीन पर अपना-अपना दावा किया। जबकि, लेखपाल का कहना था कि जमीन राजस्व अभिलेखों में तालाब के नाम दर्ज है। इस दौरान ग्रामीणों और टीम के बीत विवाद हो गया। बाद में ग्रामीणों ने टीम को खदेड़ दिया।
इस मामले में ग्राम प्रधान मुन्ना लाल ने बताया कि जमीन की नाप को लेकर विवाद हुआ था। पहले गांव के दो लोग जमीन को लेकर आपस में भिड़े थे। बाद में टीम के जमीन तालाब की होने की बात कहने पर दोनों पक्षों के लोग राजस्व टीम से लड़ने लगे थे। एसडीएम राहुल कुमार का कहना है कि राजस्व अभिलेखों में जमीन तालाब के नाम दर्ज है। वहीं, थाना प्रभारी का कहना है कि मामले में 12 लोगों पर शांति भंग की कार्रवाई की गई है।