फोटो- 5- मऊ तहसील के सामने प्रदर्शन के दौरान मौजूद ग्रामीण। संवाद
- फोटो : CHITRAKOOT
मऊ। थाना क्षेत्र के सिकरों गांव में 18 जनवरी को राममिलन पुत्र ननकू निषाद का शव खेत में मिलने के मामले में परिजन व ग्रामीणों ने हत्या करने का आरोप लगा सोमवार को तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। कहा कि यदि हत्यारों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।
सिकरों गांव के मजरा भिठारिया गांव निवासी गीता देवी पत्नी स्व. राममिलन व ग्रामीण साहेबलाल, लल्लूराम निषाद, कामता प्रसाद निषाद, रमाशंकर निषाद, रामबाबू निषाद, संतोष निषाद, रामदीन निषाद, रमेश आदि सोमवार को तहसील पहुंचे और आरोपियों को गिरफ्तारी न करने का आरोप लगाकर प्रदर्शन कर विरोध जताया। फिर उप जिलाधिकारी को दिए प्रार्थनापत्र में आरोप लगाया कि 18 जनवरी को राममिलन निषाद निवासी सिकरों का शव खेत में पड़ा मिला था।
इस मामले में हत्या की आशंका जताकर आरोपियों के नाम भी बताए थे, लेकिन न तो पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की और न ही आरोपियों को पूछताछ के लिए पकड़ा। वहीं थानाध्यक्ष आनंद प्रताप सिंह ने बताया कि मौत के कारण की सही जानकारी नहीं हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले थे जिससे हत्या किए जाने की बात सही नहीं लगती है। फिर भी जांच चल रही है।