चित्रकूट। लोकसभा सत्र में शामिल होने के बाद घर लौटे भाजपा के सांसद आरके सिंह पटेल ने रविवार को खुद को अलग कमरे में बंद कर लिया। वह किसी से मिल नहीं रहे। जरूरी काम पर चार मीटर की दूरी से बात कर रहे हैं। अपना भोजन भी अलग कमरे में कर रहे हैं। संसद में सांसद दुष्यंत कुमार को लेकर कोरोना वायरस से जुड़ी खबरें आने के बाद घर लौटे सांसद ने बताया कि यह सुरक्षा के लिहाज से जरूरी है। उन्होंने अपना सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण कराया, जिसमें कोई भी लक्षण नहीं पाए गए हैं। बताया कि संसद में अंदर जाने व बाहर निकलने पर हर बाद टेस्ट होता है।
शनिवार की सुबह दिल्ली से लौटे सांसद आरके सिंह पटेल स्टेशन से उतरकर सीधे अपने घर पहुंचे। परिजनों व वहां मौजूद अन्य लोगों से दूर से ही अभिवादन कर एक अलग कमरे में चले गए। यह भी कहा कि इस कमरे में और कोई भी नहीं आएगा। उनका भोजन, बर्तन, बिस्तर, पानी व अन्य जरूरी सामान उसी कमरे में पहुंचा दिया गया है। बताया कि कोरोना वायरस से सावधानी के लिए यह जरूरी है। संसद भवन में सांसद दुष्यंत व अन्य से लेकर हुए प्रकरण के बारे में कहा कि वह सांसद तो सभी से मिले थे। इसी को लेकर सावधानी बरतते हुए उन्होंने खुद को सबसे अलग किया है। इस वायरस के प्रभाव तक वह सावधानी रखेंगे। इस दौरान वह किसी से नहीं मिलेेंगे। जरूरी काम के लिए चार मीटर दूर से बात करेंगे।