संवाद न्यूज एजेंसी
चित्रकूट। जिला अस्पताल में तीन दिसंबर को पुरुष नसबंदी (एनएसवी) के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसमें अधिक से अधिक पुरुषों को लाभान्वित कराने की तैयारी है। इसके लिए सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि प्रत्येक माह की 21 तारीख को खुशहाल परिवार दिवस का आयोजन किया जा रहा है। इसके उद्देश्य की पूर्ति के लिए पुरुष नसबंदी पखवारा के अंतर्गत सेवा दिवस 28 नवंबर से 4 दिसंबर तक के तहत तीन दिसंबर को जिला अस्पताल में पुरुष नसबंदी का विशेष कैंप लगाया जा रहा है। विशेषज्ञ सर्जन डॉ. गोकुल प्रसाद को इस विशेष कैंप के लिए झांसी से बुलाया गया है। वह यहां पुरुष लाभार्थियों की नसबंदी करेंगे। सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को अधिक से अधिक पुरुष लाभार्थियों को विशेष नसबंदी कैंप में लाने के लिए निर्देश दिए गए हैं ।
परिवार नियोजन कार्यक्त्रस्म के नोडल अधिकारी डॉ. इम्तियाज अहमद ने बताया कि नसबंदी से पुरुषों में किसी तरह की कोई कमजोरी नहीं आती है। उन्होंने बताया कि एनएसवी न चीरा न टांका पर आधारित है। उन्होंने बताया कि पुरुष नसबंदी कराने पर तीन हजार रुपये प्रतिपूर्ति राशि के रूप में लाभार्थी को दिए जाते हैं ।