संवाद न्यूज एजेंसी
खोही(चित्रकूट)। महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्व विद्यालय में आयोजित वित्तीय साक्षरता पर राष्ट्रीय वेबिनार का आयोजन हुआ। जिसमें प्रो. सीवी रमन विश्व विद्यालय खंडवा मप्र के कुलपति प्रो. अमिताभ सक्सेना ने कहा कि वित्तीय साक्षरता एवं निवेशक जागरूकता आज समय की मांग है। ग्रामोदय यूनिवर्सिटी इस कार्य में आगे आकर अपनी भूमिका को स्पष्ट कर रहा है। कहा कि जागरूक निवेशक हमेशा लाभ लेता रहता है तथा दूसरों के लिए रोल मॉडल बनता है। आयोजन सचिव डॉ. राजेश त्रिपाठी ने बेविनार में शामिल सभी अतिथियों एवं सहयोगियों का स्वागत करते हुए विषय प्रस्तावना प्रस्तुत की। डॉ. संजय अग्रवाल ने वेबीनार के उद्देश्यों को बताया।
शासकीय महाविद्यालय सागर के पूर्व प्राचार्य प्रो. जेपीएन पांडेय ने गांधीजी के ट्रस्टीशिप सिद्धांत का उदाहरण प्रस्तुत करते कहा कि वित्तीय साक्षरता के माध्यम से अंतिम व्यक्ति को समाज की मुख्यधारा में ला सकते है। महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्व विद्यालय के कुलपति प्रो. नरेश चंद्र गौतम ने कहा कि शिक्षक इस विषय पर आलेख तैयार करें। जिससे आम जनता, छात्रों, महिलाओं और वृद्धजनों को यह जानकारी प्राप्त हो सके कि उन्हें भविष्य में अपने वित्तीय खर्चे किस रूप में करना है तथा भविष्य में हम बचत किस रूप में कर सकते हैं। सेबी की सहायक महाप्रबंधक गरिमा माहेश्वरी ने कहा कि कोविड-19 के दौरान भारत में समस्त वित्तीय गतिविधियां संचालित होती रही हैं। अधिष्ठाता प्रो अमरजीत सिंह ने वक्ताओं के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। वेबीनार में विश्व विद्यालय के शिक्षक, शोध छात्रों ने सहभागिता की। सत्र का संचालन संयोजक डॉ देवेंद्र प्रसाद पांडेय ने किया।
-