चित्रकूट के पहाड़ी थाना अंतर्गत कुचराम गांव के एक युवक का शव पहाड़ी कस्बे के तालाब की ओर जाने वाली सड़क किनारे मिला। राहगीरों की सूचना पर पुलिस सतर्क हुई और आसपास के लोगों से जानकारी के बाद युवक की शिनाख्त कुचारम निवासी कमलेश के रूप में हुई।
घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों ने हत्या का शक जताया है। मृतक के शरीर में चोट के कोई निशान न होने पर पुलिस ने बीमारी से मौत की बात कही है। पर पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद ही सच्चाई पता चलेगी। पहाड़ी थाना अंतर्गत कुचारम गांव का कमलेश यादव (30) पुत्र कामता यादव रविवार को पहाड़ी कस्बे के पालेश्वर नाथ इंटर कालेज में दंगल देखने के लिए गांव से रविवार की दोपहर आया था।
उसका शव दूसरे दिन सोमवार की सुबह दंगल स्थल से 150 मीटर दूर पहाड़ी कस्बे के पास रोड़ किनारे पड़ा मिला। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी सुला देवी व मां अंजना का रो- रोकर बुरा हाल है। मृतक के एक पुत्र व एक पुत्री है। तीन भाईयों मेें दूसरे नंबर का था। भाई अमृत लाल ने हत्या का शक जताया है। कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मामला दर्ज कराएंगे।
पहाड़ी थानाध्यक्ष अवधेश मिश्रा का कहना कि शरीर में चोट के निशान नहीं है। हां दाढ़ी के पास खरोंच के कुछ निशान हैं। इस मामले में मृतक के परिजनों ने बताया कि कमलेश मानसिक रूप से अस्वस्थ रहता था। इस कारण उसका इलाज ग्वालियर में चल रहा था। वहीं स्थानीय लोगों ने बताया कि रविवार की शाम को वह नशे की हालत में सूखे तालाब के पास बैठा था। परिजनों ने मृतक के नशा करने की बात से इंकार नहीं किया है।