मऊ (चित्रकूट)। थाना क्षेत्र के टिकरा गांव के पास साथियों के साथ नाले में नहाते समय बालक की डूबने से मौत हो गई। उसे तीन घंटे के प्रयास के बाद बाहर निकाला जा सका।
टिकरा गांव निवासी राधेश्याम साहू का पुत्र अजय (12) गुरुवार की दोपहर को अपनी बड़ी बहन गुड़िया व गांव के दोस्तों के साथ सुतिया नाले में नहा रहा था। कुछ देर बाद सभी नहाकर लौटने लगे लेकिन अजय का साथ न देख बहन ने पूछा। इस पर नाले में डूबने की आशंका पर सभी लड़के किनारे पहुंचे लेकिन कुछ नहीं मिला। जानकारी होते ही परिजन व गांव के तमाम लोग पहुंचे और अजय की तलाश शुुरू की। अजय के कपड़े नाले के बाहर पड़े थे। सूचना पर थाना पुलिस की टीम भी पहुंची।
लगभग तीन घंटे बाद ग्रामीणों ने नाले में 50 मीटर आगे अजय को ढूंढकर बाहर निकाला। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उसकी मां का बीमारी के चलते निधन हो चुका है। दो भाई व एक बहन में अजय छोटा था।