चित्रकूट। शिवरामपुर चौकी क्षेत्र के भांगा के पास बिना रवन्ना खनिज सामग्री लदे डंपर को पकड़ने गए जिला खनिज अधिकारी व उनकी टीम के साथ डंपर मालिक के पुत्र व कुछ लोगाें में नोकझोंक हो गई। एक दूसरे पर दोनों पक्ष ने मारपीट का आरोप लगाया है। खनिज अधिकारी के साथ चल रहे सिपाही की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई है। डंपर मालिक का आरोप है कि तीन घंटे तक चौकी व कोतवाली में बैठाने के बाद भी उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।
जिला खनिज अधिकारी सुधाकरण सिंह ने बताया कि 14 अगस्त की देर रात को अवैध रूप से खनिज सामग्री की ढुलाई की सूचना पर सुरक्षाकर्मियों के साथ चेकिंग कर रहे थे। भांगा के पास सड़क किनारे एक खनिज सामग्री लदा डंपर खड़ा था। चालक से पूछा तो वह काई कागज नहीं दिखा पाया। इस पर डंपर को सीज करने के लिए पुलिस चौकी लेकर जाने को कहा। इसी बीच डंपर मालिक व उसके आसपास के लोग आकर गाली गलौज करने लगे। विरोध करने पर सुरक्षा कर्मी सिपाही मनोज चौहान के साथ मारपीट की। डंपर लेकर चालक भाग निकला। इस डंपर का ऑनलाइन चालान किया गया है।
उधर, डंपर मालिक विनोद ने बताया कि उसका डंपर मुख्य सड़क से काफी दूर उसके अधबने घर के स्थान पर खड़ा था। डंपर में रवन्ना न होने से कागज आने का इंतजार किया जा रहा था। आरोप लगाया कि रविवार की रात लगभग साढे 12 बजे जिला खनिज अधिकारी सुरक्षा कर्मियों के साथ आए और चालक को धमका कर डंपर ले जाने का दबाव बनाने लगे। विरोध करने पर सुरक्षाकर्मियों ने उसके पुत्र व चालक के साथ मारपीट कर अभद्रता की है।
कोतवाल अशोक कुमार सिंह ने बताया कि पुलिसकर्मी मनोज चौहान की तहरीर पर डंपर मालिक के पुत्र व दो अज्ञात के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने, मारपीट व गालीगलौज की रिपोर्ट दर्ज की गई है। दूसरे पक्ष की तहरीर न मिलने की बात कही है।