चित्रकूट/भरतकूप। 50 से अधिक बच्चोें के यौन शोषण के आरोपी जेई रामभवन के कार्य स्थल रसिन के अलावा अन्य स्थलों के आसपास की बस्तियों में बुधवार को सीबीआई पहुंची। सूत्रों के अनुसार, तीन बच्चों की शिनाख्त करने में सीबीआई सफल हुई है।
महुराई नहर निर्माण स्थल के पास की बस्ती के कुछ बच्चों ने बताया कि जेई कभी कभार यहां आता था और रात में यहीं रुकता था। यह भी बताया कि वह मोबाइल पर गंदी फिल्म देखता था और बच्चों को भी दिखाता था।
बच्चों के यौन शोषण के आरोपी जेई रामभवन ने जिले में दस साल की तैनाती के दौरान जहां-जहां भी काम किया, सीबीआई की टीम ने वहां-वहां जाकर जानकारी जुटाई है। टीम ने रसिन नहर और बांध के आसपास की बस्ती में रहने वालों को जेई की फोटो दिखाकर उसके बारे में पूछताछ की।
साथ ही बांध व नहर संचालन का काम करने वाले सिंचाई और लघु सिंचाई विभाग के चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों और उनके बच्चों से भी तथ्य जुटाए। सूत्र बताते हैं कि गुंता बांध और रसिन बांध के आसपास रहने वाले तीन बच्चों को सीबीआई टीम चिह्नित कर अपने साथ गेस्टहाउस ले गई है।
जेई की रिमांड मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई करने की योजना है। रसिन बांध से संबद्ध महुराई नहर का लगभग तीन किमी काम आंशिक रूप से अधूरा पड़ा है। अमर उजाला में 22 नवंबर को खबर छपने के बाद नहर के अधूरे कार्य की जानकारी करने सीबीआई टीम पहुंची थी।
स्थानीय लोगों के अनुसार कई बच्चों ने यह स्वीकार किया है, कि जेई कभी-कभार यहां आता था और रात में रुकता था। खाना खाने के दौरान अपने मोबाइल पर गंदी फिल्म देखता था और बच्चों को भी दिखाता था। साथ ही बच्चों को मिठाई, टॉफी और खाने की अन्य सामग्री भी देता था। बच्चों ने यह भी कहा कि उनके साथ जेई ने गंदी हरकत नहीं की है।