चित्रकूट। रैपुरा थाना क्षेत्र के कस्बे में बुधवार की सुबह सड़क पार करते समय मां और बेटे को बुलेट सवार ने टक्कर मार दी। इससे बेटे की मौत हो गई, जबकि मां की हालत गंभीर है। घटना के बाद बुलेट छोड़कर युवक भाग गया।
रैपुरा निवासी जगदीश रैकवार ने बताया कि उसका एक घर बोड़ी पोखरी में हैं। वहां रात में सोने जाते हैं। बुधवार की सुबह करीब छह बजे पत्नी अर्चना देवी (27) बेटे वैभव (डेढ़ वर्ष) को लेकर पैदल ही बोड़ी पोखरी से रैपुरा वाले घर आ रही थी। रानी तालाब के सामने सड़क पार करते समय रामनगर की ओर से आई बुलेट ने टक्कर मार दी। इससे मां-बेटे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर परिजन पहुंचे और दोनों को लेकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टर ने बेटे वैभव को मृत घोषित कर दिया। बताया कि एक बेटी पूर्वी (3) है। थाना प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि बुलेट बरामद कर ली गई है। चालक का पता लगाया जा रहा है।