पंजाब में सोमवार को हुई आतंकी घटना के मद्देनजर जिले में भी सुरक्षा व्यवस्था चौकस कर दी गई। प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, तीर्थक्षेत्र आदि जगहों पर लोगों की तलाशी लेकर पूछताछ की गई। एसपी पवन कुमार ने बताया कि एहतियातन अभियान जारी रहेगा।
रेलवे स्टेशन में जीआरपी एसओ हेमंत सिंह की अगुवाई में चेकिंग की गई। हेमंत सिंह ने बताया कि डीजीपी लखनऊ के आदेश पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। स्टेशन में पुलिस कर्मियों ब्रजभान यादव, इमामुद्दीन, चेतराम, ब्रजेंद्र सिंह, राजीव सिंह, रंजना और सुधा ने यात्रियों के सामान की तलाशी ली। एसओ ने बताया कि सतर्कता के तहत सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मी चौबीस घंटे स्टेशन पर नजर रखेंगे। किसी भी संदिग्ध चीज या व्यक्ति के मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उधर, एसपी पवन कुमार ने बताया कि सभी थानों और चौकियों के एसओ को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
धारा 144 लागू
चित्रकूट। अपर जिला मजिस्ट्रेट महेश चंद्र शर्मा ने बताया कि 31 जुलाई को गुरु पूर्णिमा पर्व, एक अगस्त से श्रावण मास शुरू होने, 12 को श्रावण शिवरात्रि के अलावा स्वतंत्रता दिवस, रक्षाबंधन, जन्माष्टमी आदि पर्वों के मद्देनजर जिले में धारा 144 लागू कर दी गई है। बताया कि यह 27 जुलाई से 10 सितंबर तक जारी रहेगी।