प्रदेश सरकार ने पिछड़ी और गरीब 17 जातियों को आरक्षण देने को विधानसभा में प्रस्ताव पारित कर भेज दिया है लेकिन केंद्र सरकार इसमें हीलाहवाली कर रही है। इसी मुद्दे को लेकर 29 जुलाई को जंतरमंतर मैदान नई दिल्ली में धरना प्रदर्शन किया जाएगा। ये बातें समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विशंभर प्रसाद निषाद ने मंगलवार को पार्टी के जिला कार्यालय में कार्यक्रम की तैयारी की समीक्षा बैठक के दौरान कहीं।
उन्होंने बताया कि प्रदर्शन भारतीय मछुवा महासंघ के तत्वावधान में होगा। इसमें कहार, कश्यप, केवट, मल्लाह, निषाद, कुम्हार, प्रजापति, धीवर, बिंद, भर, राजभर, धीमर, बाथम, तुरहा, गोड़िया, माझी को अनुसूचित जाति में शामिल कराने के लिए विगुल फूंका जाएगा। राज्य सरकार ने इस संबंध में पहले ही प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेज दिया है। उन्होंने पार्टी नेताओं से प्रदर्शन में ज्यादा से ज्यादा भीड़ ले जाने को कहा। कहा कि आरक्षण न मिलने से ये जातियां विकास की दौड़ में काफी पीछे हैं। बैठक को जिलाध्यक्ष भइयालाल यादव ने भी संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि लोगों को दिल्ली भेजने के लिए वह व्यवस्था करेंगे। मऊ से भी सौ युवाओं को दिल्ली भेजा जा रहा है। मौके पर अच्छेलाल निषाद, कुबेर निषाद, गजाधर निषाद, सीताराम, राधेश्याम, रामसनेही, चमेलिया, उर्मिला, विष्णु गुप्ता, अफजल अली आदि मौजूद रहे।
बाद में पत्रकारों से बातचीत में विशंभर निषाद ने कहा कि अगर सरकार हमारी मांगें नहीं मानती है तो प्रदेश स्तरीय आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी। आईपीएस अमिताभ ठाकुर के विवाद पर उन्होंने कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया।