जिला अस्पताल में भर्ती घायल लेखपाल।
- फोटो : अमर उजाला
हाइवे सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर खुले घूमने वाले मवेशी सड़क हादसों के जिम्मेदार बन रहे हैं। बुधवार को लेखपाल संघ के धरने में शामिल होने के लिए बाइक से आ रहे दो लेखपाल पहाड़ी मार्ग पर एक मवेशी से टकराकर घायल हो गए। दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था।
बुधवार को राजापुर निवासी रामप्रकाश द्विवेदी पुत्र चंद्रपाल और मझगवां निवासी कैलाश पुत्र नत्थू बाइक से मुख्यालय जा रहे थे। कोतवाली क्षेत्र के चकौंध मोड़ पर बाइक अचानक ,सामने आए मवेशी से टकरा गई। जिससे दोनों लेखपाल सड़क पर गिरकर घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों को प्राइवेट वाहन से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
समाजवादी एंबुलेंस की लापरवाही फिर सामने आई। सड़क हादसे में घायल दो लेखपाल पहाड़ी मार्ग पर दर्द से तड़प रहे थे लेकिन आधे घंटे तक 108 एंबुलेंस नहीं आई। गौरतलब है कि दुर्घटनास्थल से मुख्यालय की दूरी पांच किमी है।
स्थानीय भैरों प्रसाद ने बताया कि दुर्घटना होते ही उसने फोन से 108 नंबर पर सूचना दी तो कहा गया कि अभी कोई वाहन खाली नहीं है, बाद में फोन करना। इसके बाद दोनों घायलों को प्राइवेट वाहन से अस्पताल भेजा गया।