चित्रकूट/सरैंया। किशोरी का अंतिम संस्कार कराने के बाद बुधवार को पुलिस लाइन पहुंचे कमिश्नर गौरव दयाल और आईजी के. सत्यनारायण पत्रकारों से रूबरू हुए। दोनों अफसरों ने बताया कि किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म और आत्महत्या के मामले में मां की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने तीनों आरोपियों को 24 घंटे के अंदर ही गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए मामला फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाया जाएगा। पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद दिलाने के लिए शासन को पत्र भेजा गया है। घटना में लापरवाह पुलिस कर्मियों को निलंबित करते हुए दो क्षेत्राधिकारियों की टीम से मामले की विवेचना करा रहे हैं।
यह भी बताया कि पीड़ित परिवार को पुलिस सुरक्षा मुहैया करा दी गई है। गांव में पुलिस बल तैनात किया है। पीड़ित परिवार की मांग पर शस्त्र के लिए आवेदन कराया है।
कमिश्नर गौरव दयाल व आईजी के सत्यनारायण ने बताया कि परिजनों के अनुसार प्रथम दृष्टया सामूहिक दुष्कर्म में किशन व आशीष मुख्य आरोपी हैं, इनका नाबालिग दोस्त घटना के दौरान आने-जाने वालों पर निगाह रखने और अन्य इंतजाम करने में लगा था।
इस मौके पर डीएम शेषमणि पांडेय, प्रभारी एसपी प्रकाश स्वरूप पांडेय, सीओ रजनीश यादव व तहसीलदार दिलीप कुमार भी मौजूद रहे।