कलक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को हुई बैठक में गोशालाओं के संचालन के संबंध में विचार विमर्श किया गया। बैठक में जिलाधिकारी शेषमणि पांडेय ने सभी उप जिलाधिकारियों व खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश व ठंड से मवेशियों के बचाव के लिए युद्धस्तर पर कार्य करें। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. महेंद्र कुमार से कहा कि सभी गोशालाओं में व्यवस्थाएं दुरुस्त होनी चाहिए। खंड विकास अधिकारी प्रतिदिन पांच गोशालाओं का निरीक्षण अवश्य करें। उन्होंने कहा कि गोशालाओं में जिन गोवंश की मृत्यु होती है, उनका पोस्टमार्टम अवश्य कराया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिन ग्राम पंचायतों में भरण पोषण का पैसा खंड विकास अधिकारियों द्वारा नहीं भेजा गया है, उसकी जांच कराकर संबंधित खंड विकास अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाए। गोवंश को ठंड से बचाने के बाबत खंड विकास अधिकारियों से कहा कि जो बॉर्डर के गांव हैं, उन गोशालाओं पर निगाह रखें।
जिलाधिकारी ने कहा कि उन्हें किसी भी गोशाला में गोवंश मृत्यु की सूचना नहीं मिलनी चाहिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी जीपी सिंह, परियोजना निदेशक अनय कुमार, जिला विकास अधिकारी आरके त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।