बांदा-इलाहाबाद हाईवे पर गिरे पेड़ के नीचे दबी इंडिगो कार।
- फोटो : अमर उजाला
रविवार को बांदा-इलाहाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित पेट्रोल पंप तिराहे पर लगा विशाल पेड़ हाईटेंशन लाइन को तोड़ता हुआ भरभरा कर सड़क पर गिर पड़ा। सड़क पर गुजर रहे राहगीर पेड़ की चपेट में आकर हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गए । लेकिन पेट्रोल पंप तिराहे से होकर गुजर रही इंडिगो कार पेड़ की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई। इस कार से महोबा में ठेकेदारी कर रहे झारखंड निवासी आशीष कुमार पुत्र मोहन, सतीश पुत्र अर्जुन और प्रेमकिशोर पुत्र चतुरानन होली की छुट्टी पर अपने घर जा रहे थे ।
कार पर पेड़ गिरने के बावजूद कार में सवार तीनों युवक बाल-बाल बच गए । तीनों युवकों को मामूली चोट आई। स्थानीय लोगों ने पेड़ के नीचे दबी कार में फंसे तीनों युवकों किसी तरह बाहर निकाला। हादसे के बाद सड़क पर गिरे एचटी लाइन के टूटे तार में करंट बहता देख इलाकाई लोगों नेे पेट्रोल पंप तिराहे से होकर गुजरने वाले राहगीरों और वाहन सवारों को चिल्ला कर टूटे पड़े तार से दूर रहने के लिए कहा। हादसे की वजह से हाईवे पर एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहने से राहगीरों और वाहन सवारों को परेशानी का सामना करना पड़ा।