चित्रकूट। जिले में लगातार दूसरे दिन सोमवार को भी 29 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। इसमें एक की हालत नाजुक होने पर प्रयागराज रेफर किया गया है। अब जिले में कुल एक्टिव केस 71 हो गए हैं। बावजूद इसके जिले में कोरोना गाइड लाइन का पालन नहीं हो रहा है। खासकर बैंक व बस स्टैंड समेत राजनैतिक दलों के कार्यक्रमों में गाइड लाइन की अनदेखी हो रही हैं। उधर, पहले से पॉजिटिव मरीजों में एक मरीज के स्वस्थ्य होने पर घर भेजा गया है।
सीतापुर, मानिकपुर, मऊ क्षेत्र में 29 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। रविवार को भी 29 मरीज मिले थे। इस प्रकार दो दिनों में 58 कोरोना पॉजिटिव मिलने से जिले के लोग दहशत में हैं। प्रभारी सीएमओ डा. इम्तियाज अहमद ने बताया कि दो दिन में 58 मरीज मिले है। इससे यह बात सामने आई है कि महाराष्ट्र, दिल्ली, पंजाब व हरियाणा से आने वाले प्रवासी ही प्रमुख रूप से पाजिटिव निकल रहे हैं। ऐसे में जिला प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग को सतर्क किया है। डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने बताया कि सीएमओ को निर्देश दिए गए हैं कि अधिक से अधिक कोविड की जांच कराएं। सीएमओ ने बताया कि मुख्यालय के रेलवे स्टेशन पर स्वास्थ्यकर्मी श्याम नारायण सिंह, कार्तिकेय और रामविलास लगातार बाहर से आने वालों की जांच कर रहे हैं। मानिकपुर स्टेशन में यह प्रक्रिया पहले से चल रही है।