खोही(चित्रकूट)। धर्मनगरी में परिक्रमा मार्ग सहित कई अन्य तीर्थ स्थलों में बिजली की तार और उपकरण श्रद्धालुओं के लिए मुसीबत बन गए हैं। पिछले दिनों लक्ष्मण पहाड़ी तीर्थ स्थल पर हुई घटना में एक श्रद्धालु की मौत के बाद कई तरह के सवाल उठ रहे हैं।
करंट लगने की व विद्युत तारों में चिंगारी उठने से भगदड़ की कई घटनाएं हो चुकी हैं। परिक्रमा मार्ग में मध्यप्रदेश की सीमा के अंतर्गत प्राचीन प्रमुख द्वार के पास सात साल पहले भी एक घटना हुई थी। इसमें पांच श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी। जिसमें कहा जा रहा था कि बिजली की तारों में चिंगारी उठाने से भगदड़ से श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी। हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों ने माना था कि मंदिर के सामने बनी एक बेदी में आग जल रही थी। जिसके चलते भगदड़ मची थी। इसी तरह एक साल पहले अमावस्या के दिन जलेबी वाली गली में लगे खंभे के तार आपस में जलने से चिंगारी निकली थी। परिक्रमा मार्ग के पास रहने वाले परमेश्वर शुक्ला, रामभरोसे मिश्र, गंगा केशरवानी, अजय गुप्ता ने बताया कि कई बार अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है। बावजूद इसके कोई सुनवाई नहीं हुई।