राजापुर से बांदा जा रही सवारियों भरी निजी बस अनियंत्रित होकर एक दुकान में जा घुसी। इसमें दुकान का टीनशेड और सामान क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर भाग गया। पुलिस ने चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मंगलवार दोपहर लगभग साढ़े बारह बजे राजापुर से बांदा जा रही एक निजी बस महुवागांव के पास अनियंत्रित होकर जगदीश सिंह के मकान के नीचे बनी दुकान में घुस गई। बस कई दुकानों के टीनशेडों को ध्वस्त करते हुए दीवार से टकराकर रुक गई। आसपास खड़े लोगों ने किसी तरह भागकर जान बचाई।
हादसे में अवधेश प्रताप, सौरभ, शिवशरण की दुकानों का काफी सामान नष्ट हो गया। शिवशरण, जितेंद्र और भारत को चोटें आईं हैं। घटना की सूचना पाकर एसओ आरके मिश्रा और एसआई कृपाशंकर मिश्रा मौके पर पहुंचे। पुलिस बस को थाने ले गई। बस सरधुवा निवासी लक्ष्मीनारायण मिश्र की बताई जा रही है और घटना के समय यही बस चला रहा था। एसओ ने बताया कि मकान मालिक जगदीश सिंह के भाई दिलीप सिंह ने लक्ष्मीनारायण के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।