चित्रकूटः हिमांशु गुप्ता। प्रयागराज से कार बुक कराकर लाने वालों ने नशीला पदार्थ पिलाकर चित्रक
- फोटो : CHITRAKUTT
चित्रकूट। प्रयागराज से चित्रकूट के लिए कार बुक कराकर आए दो युवकों ने कार मालिक/चालक को जहरीला पदार्थ पिलाकर सड़क किनारे फेंक दिया। यह कार लेकर भाग निकले। चित्रकूट जिले की पुलिस टीम ने अर्द्धबेहोशी हालत में सूरजकुंड पुरवा तरौंहा मार्ग पर चालक को ढूंढ निकाला। कार व अपराधियों की तलाश की जा रही है।
प्रयागराज जिले के बहादुरगंज निवासी मोनी गुप्ता ने बताया कि पति हिमांशु गुप्ता निजी कार से ट्रैवलिंग का काम करते हैं। कुछ माह पहले नई कार खरीदी है। बुधवार शाम को वह सिविल लाइंस बस स्टैंड के पास से किसी यात्री की बुकिंग पर चित्रकूट जाने के लिए निकले। शाम साढ़े सात बजे अंतिम बार फोन पर बात हुई। पति ने बताया कि वह अभी शिवरामपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में पहुंचे हैं। रात में लौट आएंगे। इसके बाद मोबाइल स्विच ऑफ हो गया।
बृहस्पतिवार सुबह तक न लौटने पर परिवार के लोग परेशान होने लगे। परिजनों ने सिविल लाइंस प्रयागराज थाने में सूचना दी है। हिमांशु के चाचा और परिजन तलाश में मऊ पहुंच गए। जानकारी पर एसपी अंकित मित्तल ने मऊ और शिवरामपुर समेत जिले की पुलिस को अलर्ट कर दिया। शिवरामपुर चौकी प्रभारी अजीत सिंह ने बताया कि देर शाम को सदर कोतवाली क्षेत्र के हाईवे बेड़ी पुलिया के पास से पुरवा तरौंहा सूरजकुंड की ओर जाने वाली सड़क पर हिमांशु को अर्द्धबेहोशी हालत में पुलिसकर्मियों ने ढूंढ लिया।
वहीं पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हिमांशु के साथ जहरखुरानी हुई है। कुछ लोग कार बुक कर चित्रकूट आए थे। इनके बारे में हिमांशु को जानकारी हो सकती है। पूरी तरह होश में आने पर जानकारी की जाएगी। अभी तक की जानकारी के अनुसार युवकों ने कोल्ड ड्रिंक व शराब पी थी। चालक को भी कोल्ड ड्रिंक पिलाई। नशा होने पर देर रात सूनसान स्थल पर सड़क किनारे फेंककर भाग निकले। जल्द आरोपियों को दबोच लिया जाएगा। परिजनों को जानकारी देकर युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।