फोटो 27 सीकेटीपी-1- परिचय- दुर्घटना के बाद रोते बिलखते परिजन। संवाद
चित्रकूट। सदर कोतवाली क्षेत्र के अमानपुर गांव के पास झांसी–मिर्जापुर हाईवे पर शुक्रवार की देर रात सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक 10 मीटर दूर जा गिरी। हादसे में जीजा–साले लहूलुहान हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
पहाड़ी थाना क्षेत्र के इटौरा निवासी रामबाबू ने बताया कि उनका छोटा भाई शुभम वर्मा (23) सदर कोतवाली क्षेत्र के पथरौड़ी गांव निवासी जीजा नरेश वर्मा (35) के साथ बाइक से खरौंध निवासी अपने साले चुन्नू के वरीक्षा में शामिल होने के लिए गए थे। रात करीब आठ बजे जीजा के घर में किसी की तबीयत खराब हो गई तो भाई व जीजा बाइक से पथरौड़ी आ रहे थे।
अमानपुर गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे शुभम व जीजा नरेश बाइक समेत 10 मीटर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था। राहगीरों की सूचना पर पुलिस एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले गई। डॉक्टर ने शुभम को मृत घोषित कर दिया। कुछ देर बाद नरेश की भी मौत हो गई। जिला अस्पताल के डॉ. कुलदीप ने बताया कि बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने थे। दोनों के सिर, चेहरे व सीने में गंभीर चोटें आई थीं और काफी खून बह गया था। कोतवाल उपेंद्र सिंह ने बताया कि जीजा-साले मजदूरी करते थे। घटना के बाद चालक बोलेरो छोड़कर भाग गया है। उसकी तलाश की जा रही है।
इमरजेंसी में कम कर्मचारी देख विधायक ने जताई नाराजगी
हादसे की सूचना पर सपा के सदर विधायक अनिल प्रधान अस्पताल पहुंचे। इमरजेंसी में कर्मचारी कम देख नाराजगी जताते हुए सीएमएस व सीएमओ को फोन कर कर्मचारी तैनात करने के लिए कहा। सीएमएस डॉ शैलेंद्र कुमार ने बताया कि इमरजेंसी में रोस्टर के अनुसार ड्यूटी लगाई जाती है। एक कर्मचारी अवकाश पर था और एक कर्मचारी 32 बेड़ वाले कक्ष में चला गया था। इससे कुछ देर के लिए समस्या हुई। फिर सभी कर्मचारी मौके पर पहुंच कर इलाज में जुट गए थे।
फोटो 27 सीकेटीपी-1- परिचय- दुर्घटना के बाद रोते बिलखते परिजन। संवाद
फोटो 27 सीकेटीपी-1- परिचय- दुर्घटना के बाद रोते बिलखते परिजन। संवाद