राजापुर। राजापुर थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत कनकोटा के भदेहदू पुल के पास खंती में सोमवार को मिले शव के मामले ने एक नया मोड़ ले लिया है। भाई ने पुलिस को दी तहरीर में प्रेमिका समेत पांच लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की है। वहीं , मंगलवार को दो डॉक्टरों के पैनल ने युवक का पोस्टमार्टम किया, जिसकी वीडियो रिकॉर्डिंग भी की गई।
कौशांबी के जाठी गांव निवासी रोहित ने बताया कि उसके छोटे भाई राहुल मिश्रा की शादी चकनारा के राजेश शुक्ला की पुत्री नेहा से 2022 में हुई थी। शादी के समय राजापुर क्षेत्र निवासी एक युवती से उसकी ससुराल चकनारा में मुलाकात हुई। इसी बीच रिश्ते में जीजा-साली होने के कारण दोनों में बातचीत का सिलसिला शुरू हो गया। देखते-देखते दोंनो में प्रेम परवान चढ़ा तो प्रेमिका के पिता ने प्रेमी (मृतक) के परिजनों को सूचना देते हुए उसे अपने घर आने से मना किया। इसके बावजूद दोनों के बीच बातचीत जारी रही। छोटे भाई रोहित मिश्रा ने बताया कि रविवार को भदेहदू निवासी कुलदीप सिंह व लालबाबू ने राहुल को फोन कर बुलाया। उसके भाई ने रुपये न होने की बात कही, तब कुलदीप ने उसके खाते में 500 रुपये भेजे। भदेहदू पहुंचने पर उन्होंने उसके भाई की हत्या कर शव को खंती में फेंक दिया। प्रभारी निरीक्षक मनोज सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है जांच के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।