फोटो-16सीकेटीपी 28 कार्यक्रम में पूर्व सांसद का स्वागत करते लोग। संवाद
खोही (चित्रकूट)। भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने सोमवार को चित्रकूट के सियाराम कुटीर स्थित भारत रत्न नानाजी देशमुख के आवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए। उन्होंने नानाजी के कक्ष में बैठकर उनके साथ बिताए पलों को याद किया और अपने अनुभव साझा किए।
बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि नानाजी अक्सर कहते थे कि जिस दिन गांव जाग जाएंगे, उस दिन दुनिया जाग जाएगी। यह बात उन्होंने अपने राजनीतिक और सामाजिक अनुभव से कही थी और इसे करके भी दिखाया। नानाजी आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं। पूर्व सांसद ने नानाजी के कार्यों को यज्ञ बताते हुए कहा कि उन्हें देखकर विशेष ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने तत्कालीन राष्ट्रपति नीलम संजीव रेड्डी के गोंडा आगमन के समय नानाजी के कार्यों को करीब से देखने का अवसर मिलने का भी उल्लेख किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक आनंद शुक्ला उपस्थित रहे।