पहाड़ी (चित्रकूट)। विकास खंड क्षेत्र के अरछा बरेठी में पयश्वनी नदी के कटान से हर साल ग्रामीणों का नुकसान होता है। कई घर भी क्षतिग्रस्त हो जाते हैं। गांव को बाढ़ से बचाने के लिए कटानरोधी कार्य कराने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने डीएम को ज्ञापन दिया। इस पर डीएम ने तुरंत सिंचाई विभाग के अधिकारियों से रिपोर्ट मांग ली। अधिकारी मौके पर पहुंचे और रिपोर्ट तैयार की।
समाजसेवी शंकर प्रसाद यादव ने कहा कि हर हाल बारिश में बाढ़ आने के बाद पानी गांव के अंदर घुस जाता है। साथ ही नदी किनारे बसे घरों के पीछे कि मिट्टी कट जाती है। इससे करीब 50 घर अब तक गिर चुके हैं। मजबूरी में गांव से लोग पलायन करने लगे हैं। बाढ़ से फसलों भी बर्बाद हो जाती हैं। कहा कि यदि कटान रोधी कार्य नदी के कगार पर न कराया गया तो गांव की शेष घर भी बाढ़ की चपेट में आकर ध्वस्त हो जाएंगे।
सिंचाई विभाग के अधिशासी अधिकारी एसके प्रसाद ने बताया कि डीएम के निर्देश पर वह और जेई जयप्रकाश गांव पहुंचे और ग्रामीणों से बाढ़ से होने नुकसान के बारे में बातचीत की। अब रिपोर्ट बनाकर डीएम को सौंपेंगे। साथ ही कटान रोकने के लिए कार्ययोजना भी बनाई जाएगी।