अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। सदर विकास खंड के ब्लाक प्रमुख पद पर कड़ी सुरक्षा के बीच उपचुनाव शनिवार को संपन्न हुआ। जिसमें भाजपा समर्थित प्रत्याशी गुलाब सिंह पटेल ने सपा के प्रत्याशी चंद्रकिशोर को 9 वोट से हरा दिया। कुल 127 क्षेत्र पंचायत सदस्यों में 126 ने वोट डाले । जिसमें विजयी प्रत्याशी गुलाब सिंह ने 48 व हारे प्रत्याशी चंद्र किशोर को 39 वोट मिले। 39 वोट अवैध घोषित हो गए।
सदर ब्लाक प्रमुख पद के लिए सदर विकास खंड कार्यालय में मतदान सुबह 11 बजे से शुरू हुआ। सुबह से ही दोनों प्रत्याशियों के समर्थक मतदान केंद्र के बाहर जमा हो गए थे।
पहले घंटे में मतदान धीमा रहा। कुल 15 बीडीसी ने मतदान किया। दोपहर बारह बजे के बाद अचानक मतदान में तेजी आई और अगले दो घंटे में यह संख्या 100 तक पहुंच गई। जिससे सभी उत्साहित थे। निर्धारित समय तीन बजे तक कुल 99 प्रतिशत से ज्यादा मतदान हो गया। इसके बाद सभी अपनी अपनी जीत का दावा करने लगे।
मतदान समाप्त होने के बाद 4 बजे से गिनती शुरू हुई। इस दौरान जब अतिरिक्त बैलट पेपर अनबैलेट निकलने लगे तो दोनों प्रत्याशियों की धड़कने बढ़ने लगी। बाहर सन्नाटा छाया रहा। 5 बजे तक परिणाम घोषित कर दिया गया। सहायक निर्वाचन अधिकारी इंदु प्रकाश ने बताया कि गुलाब सिंह को 48 और चंद्रकिशोर को 39 मत मिले हैं। 39 मत ही अवैध घोषित हुए। इसकी घोषणा होते ही निवर्तमान प्रमुख सपा के चंद्रकिशोर अपने समर्थकों के साथ ब्लाक परिसर से चले गए और विजेता पक्ष के गुलाब सिंह को समर्थकों ने गले लगाकर माला पहनाई। चुनाव जीतने पर सदर विधायक चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, मानिकपुर विधायक आर के पटेल, अश्वनी अवस्थी, भागवत त्रिपाठी, पंकज अग्रवाल, राजीव त्रिपाठी, रामसागर चतुर्वेदी, नीरज सिंह आदि ने बधाई दी।