विधानसभा चुनाव नजदीक आते देख मंगलवार को मुख्यालय के पटेल तिराहे पर बहुजन समाज पार्टी के सामाजिक भाईचारा सम्मेलन में जोनल मंडल कोआर्डिनेटर वीरेंद्र सिंह वर्मा ने कहा कि बिहार की तरह ही उत्तर प्रदेश में भी प्रधानमंत्री चुनाव के पहले लोगों को भाषण के जरिए गुमराह कर हवा हवाई बातें करने लगे हैं और ऐसे ही प्रदेश सरकार भी जनता से झूठे वायदे कर रही है।
उन्होंने कहा कि नोटबंदी की छुरी से जनता का गला रेतने की सजा जनता भाजपा को जरूर देगी। अध्यक्षता कर रहे पूर्व सांसद आरके सिंह पटेल ने कहा कि नोटबन्दी के मामले में प्रधानमंत्री कुछ बेईमानों के साथ खड़े हैं। करोड़ों गरीब, मजदूर, छोटे व्यापारियों व अन्य मेहनतकशों को नोटबंदी के अपरिपक्व फैसले से कंगाल की श्रेणी में लाकर खड़ा कर दिया है।
मानिकपुर के विधायक चंद्रभान सिंह पटेल ने कहा कि सपा सरकार लोकतांत्रिक मर्यादाओं को ताक पर रखकर काम कर रही है। सत्ता जाने के भय से ही लैपटॉप रेवड़ी की तरह बांटे जा रहे हैं। प्रदेश में हर स्तर पर व्याप्त अराजकता, गुंडई जंगलराज से समाज के हर धर्म व हर वर्ग के लोग पीड़ित हैं।
इस दौरान चित्रकूट के बसपा से घोषित प्रत्याशी जगदीश गौतम, शिवदयाल रत्नाकर, जिलाध्यक्ष रामलखन निषाद, जिला प्रभारी कौशलेंद्र कुमार, दरबारीलाल वर्मा, राजकुमार पाल, मेघराज प्रजापति, फूल कुमार वर्मा, मीरा देवी, लालबहादुर निषाद, प्रेमचंद्र भारतीय, महेश पटेल, प्रहलाद सिंह यादव, फूलचंद्र खंगार, मो. शफीक, मो. रशीद अहमद आदि मौजूद रहे।