चित्रकूट। कांग्रेस के स्टार प्रचारक हार्दिक पटेल के निशाने पर भाजपा की नीतियां और नेता रहे। कांग्रेस प्रत्याशी बालकुमार पटेल के समर्थन में आयोजित जनसभा में हार्दिक ने कहा कि जो भगवान श्रीराम के नहीं हुए, वे आम जनता के कभी नहीं हो सकते। राम मंदिर बनाने का वादा कर केंद्र की सत्ता में आई भाजपा ने मंदिर नहीं बनाया। भाजपा भगवान श्रीराम को धोखा दे रही है। यदि केंद्र में कांग्रेस सरकार बनी तो बुंदेलखंड राज्य के मुद्दे को प्रमुखता से उठाकर इस क्षेत्र की बदहाली दूर की जाएगी। उन्होंने दस्यु ददुआ को सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ने वाला बताया। साथ ही ददुआ के भाई कांग्रेस प्रत्याशी बालकुमार को जिताने की अपील की।
गुरुवार को शहर के शंकर बाजार स्थित छत्रपति साहू जी महराज महिला महाविद्यालय परिसर में आयोजित जनसभा में हार्दिक ने कहा कि गुजरात माडल की बात करने वाले भाजपा नेता हकीकत जनता को नहीं बता रहे। गुजरात में भाजपा की सरकार में 5 हजार किसान आत्महत्या कर चुके हैं। 55 लाख से अधिक नौजवान बेरोजगार हो गए हैं। कहा कि बुंदेलखंड में सिंचाई के साधन न होने से किसान परेशान हैं। बेरोजगार युवक पलायन कर रहे है। बुंदेलखंड राज्य बनाने से यहां का विकास हो सकता है। कांग्रेस प्रत्याशी बाल कुमार पटेल, पूर्व विधायक रामसिंह पटेल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज मिश्रा, प्रतिभा अटल, महिला जिलाध्यक्ष नीरू गुप्ता, कांग्रेस सेवा दल जिलाध्यक्ष चुनवाद प्रसाद, कमलेश पांडेय ने भी संबोधित किया। युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष कृष्ण राज सिंह, कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष नरेश सचान, वेद प्रकाश नगर अध्यक्ष अरुण गुप्ता, कुशल पटेल, भोला नामदेव, राकेश वर्मा, अवधेश करवरिया, अपना दल (कृष्णा) जिलाध्यक्ष कंचन पटेल, व जन अधिकार मंच के जिलाध्यक्ष नत्थू प्रसाद कुशवाहा भी मौजूद रहे। संचालन किसान नेता शंभू सिंह पटेल ने किया।