चित्रकूट। बृहस्पतिवार की शाम झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सदर कोतवाली क्षेत्र के कालूपुर गांव के पास सड़क पर मवेशी से टकराकर बाइक सवार सिपाही की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल समेत अन्य अधिकारी अस्पताल पहुंचे जहां डाक्टरों ने सिपाही को मृत घोषित कर दिया। मृतक सिपाही बागपत जिले का निवासी था जो आठ माह पूर्व बुलंदशहर से ट्रांसफर होकर आया था। अभी उसकी पुलिस लाइन में तैनाती थी।
बागपत के कयापुर सुजरा गांव निवासी सिपाही कपिल शर्मा (30) पुत्र राजेश्वरी बुलंदशहर से ट्रांसफर होकर 27 फरवरी 2020 को चित्रकूट आया था। बृहस्पतिवार को बाइक से मुख्यालय आया और एटीएम से पांच हजार रुपये निकालने के बाद शाम को पुलिस लाइन लौटते समय जैसे ही वह हाईवे के कालूपुर गांव के पास पहुंचा सड़क पर अचानक आए मवेशी से बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सिपाही बाइक समेत लगभग दस मीटर दूर जाकर गिरा। इसी बीच बाइक का कोई हिस्सा सिपाही के सीने में जा घुसा और वह मौके पर ही बेहोश हो गया। दुर्घटना होते ही आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे और सिपाही को सड़क किनारे किया। सूचना मिलते ही सीओ सिटी रजनीश यादव, आरआई सुमेर सिंह व कोतवाल अरुण पाठक भी पहुंचे और सिपाही को जिला अस्पताल लेकर आए।
विज्ञापन
जिला अस्पताल में डाक्टरों ने सिपाही के मौत होने की पुष्टि की। इसी बीच पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल व अपर एसपी पीसी पांडेय भी अस्पताल पहुंचे। सिपाही के परिजनों को घटना की जानकारी देकर पंचनामा कराया गया। उधर घटना की जानकारी होते ही पुलिस विभाग में शोक व्याप्त हो गया।
हंसमुख स्वभाव के थे कपिल
चित्रकूट। मृत सिपाही कपिल शर्मा ने आठ माह के अंदर ही पुलिस लाइन में अपने साथियों के बीच हंसमुख स्वभाव के चलते लोकप्रिय हो गया था। वह जिम का बेहद शौकीन था। सुबह पुलिस लाइन में परेड के बाद मुख्यालय स्थित एक जिम में वह प्रतिदिन कसरत करने आता था। उसकी पत्नी भी सिपाही पद पर कार्यरत हैं। 2011 में कपिल सिपाही पद पर भर्ती हुए थे। उसके एक बेटी है। इस घटना की जानकारी होने पर पुलिस लाइन के अन्य साथी सिपाहियों समेत जिम के साथियों ने गहरा दुख जताया है।