राजापुर। थाना क्षेत्र के छीबो गांव के पास बृहस्पतिवार रात डीजे वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि युवक चप्पल खरीदने रामनगर जा रहा था।
छीबो निवासी छेद्दू वर्मा के मुताबकि, उसके चचेरे भाई नक्की वर्मा की पुत्री की बृहस्पतिवार को बरात आनी थी। उसका छोटा भाई बउवा वर्मा (18) रात करीब आठ बजे बाइक से रामनगर बाजार नई चप्पल खरीदने जा रहा था। तभी गांव से कुछ दूरी पर सुरजा प्लांट के पास रामनगर की ओर से आ रहे डीजे वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।
सीएचसी में प्राथमिक इलाज के बाद उसे प्रयागराज रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। बाइक चालक हेलमेट नहीं पहने था। युवक पंजाब में नौकरी करता था। एक माह पहले ही गांव आया था। घटना के बाद मां कुसमा देवी का हाल बेहाल है। डीजे वाहन मौके से भाग निकला। थाना प्रभारी यदुवीर सिंह ने बताया कि डीजे वाहन चालक की तलाश की जा रही है।