चित्रकूट/भरतकूप। भांजी की शादी के लिए लड़का देखकर लौट रहे युवक की बाइक पर हाईवे पर तेज रफ्तार डीसीएम ने टक्कर मार दी। इसके बाद डीसीएम पलट गई। चालक भाग निकला। बाइक सवार को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
शिवरामपुर चौकी क्षेत्र के बगलई गांव निवासी धर्मराज वर्मा ने बताया कि छोटा भाई संजय वर्मा (29) शनिवार को बाइक से कालिंजर जिला बांदा के पास एक गांव में भांजी की शादी के लिए लड़का देखने गया था। रात को लौटते समय झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर भरतकूप थाना क्षेत्र के पतौड़ा गांव के पास सामने से आई तेज रफ्तार डीसीएम ने बाइक पर टक्कर मार दी। इसके बाद डीसीएम भी पलट गई। घटना की जानकारी होते ही थाना प्रभारी प्रवीण सिंह हमराहियों के साथ पहुंचे और घायल को सीएचसी पहुंचाया। इलाज शुरू होने के पहले ही युवक ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने डीसीएम को कब्जे में लिया है।
घटना की जानकारी होते ही संंजय के परिजन अस्पताल पहुंचे। पत्नी अश्वनी व तीन बच्चे बेहाल हैं। पुलिस ने रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस के अनुसार बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने था। चार भाइयों में वह तीसरे नंबर का था। उसके तीनों भाई राजस्थान में मजदूरी करते हैं। संजय भी मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता था।